उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि प्रदेश के मुख्य कर-करेत्तर राजस्व वाले मदों में वित्तीय वर्ष 2025-26 के नवंबर माह में कुल रू0 18997.86 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 के नवंबर माह में रू0 18389.80 करोड़ राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में वर्तमान वित्तीय वर्ष के माह नवंबर में रू0 608.06 करोड़ राजस्व अधिक प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि कर राजस्व वाली मदों के अंतर्गत माह नवंबर तक रू0 141449.47 करोड़ की प्राप्ति हुई है। जो वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह नवंबर तक निर्धारित लक्ष्य का 74 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि जीएसटी दरों में कमी से जनता में भारी उत्साह है। जीएसटी कम होने से मांग बढ़ी है। अनुमान है कि आने वाले समय में और बेहतर परिणाम मिलेगा।
वित्त मंत्री ने बताया कि जी०एस०टी० के अन्तर्गत माह नवंबर, 2025 में कुल रू0 7472.59 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई जबकि गत वर्ष नवंबर, 2024 के माह में प्राप्ति रू0 7793.48 करोड़ रही थी। वैट के अन्तर्गत माह नवंबर, 2025 में रू0 2830.85 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई जबकि गत वर्ष माह नवंबर, 2024 में प्राप्ति रू0 2685.19 करोड़ रही थी। आबकारी के अन्तर्गत माह नवंबर, 2025 में कुल रू0 4486.50 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई जबकि गत वर्ष माह नवंबर, 2024 में प्राप्ति रू0 4071.27 करोड़ रही थी। आबकारी मद के अंतर्गत माह नवंबर में राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य का 83.1 प्रतिशत की प्राप्ति हुई है। स्टाम्प तथा निबन्धन के अन्तर्गत माह नवंबर, 2025 की राजस्व प्राप्ति रू0 2585.62 करोड़ है जबकि गत वर्ष माह नवंबर, 2024 में प्राप्ति रू0 2263.77 करोड़ रही थी। परिवहन के अन्तर्गत माह नवंबर, 2025 की राजस्व प्राप्ति रू0 1208.46 करोड़ है जबकि गत वर्ष माह नवंबर, 2024 में प्राप्ति रू0 1205.28 करोड़ रही थी। करेत्तर राजस्व की प्रमुख मद भू-तत्व तथा खनिकर्म के अन्तर्गत माह नवंबर, 2025 में प्राप्ति रू0 413.84 करोड़ है जबकि गत वर्ष माह नवंबर, 2024 में प्राप्ति रू0 370.81 करोड़ रही थी।
सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह नवंबर तक मुख्य कर राजस्व के अंतर्गत कुल रू0 141449.47 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है। जो माह नवंबर 2025 तक निर्धारित लक्ष्य रू0 191019.32 करोड़ के सापेक्ष 74 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि राज्यकर के अंतर्गत माह नवंबर तक राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य रू0 115866.92 करोड़ के सापेक्ष रू0 74411.10 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य का 64.2 प्रतिशत है। आबकारी मद के अंतर्गत इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य रू0 37900 करोड़ के सापेक्ष रू0 35144.13 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 92.7 प्रतिशत है। स्टाम्प तथा निबंधन के अंतर्गत नवंबर माह तक राजस्व प्राप्ति निर्धारित लक्ष्य रू0 25125 करोड़ के सापेक्ष रू0 21393.47 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो लक्ष्य का 85.1 प्रतिशत है। परिवहन मद में निर्धारित लक्ष्य रू0 9052.40 करोड़ के सापेक्ष रू0 7934.44 करोड़ की प्राप्ति हुई है जो 87.7 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि करेत्तर राजस्व की प्रमुख मद भूतत्व एवं खनिकर्म के अंतर्गत माह नवंबर तक राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य रू0 3600 करोड़ के सापेक्ष रू0 2376.31 करोड़ की प्राप्ति हुई है जो निर्धारित लक्ष्य का 66 प्रतिशत है।
