राष्ट्र सेविका समिति, लखनऊ महानगर द्वारा रविवार को आयोजित भव्य पथ संचलन में हजारों सेविकाओं ने अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रेरक प्रदर्शन किया। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में महिला जागृति को सुदृढ़ करना तथा राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की सक्रिय और निर्णायक भूमिका को रेखांकित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वीणा सिंह की उपस्थिति रही। वहीं अखिल भारतीय सह-संपर्क प्रमुख सीता की विशेष उपस्थिति ने आयोजन को राष्ट्रीय महत्व प्रदान किया। उनके साथ महानगर प्रांत संचालिका रत्नम, प्रांत निधि प्रमुख मिथिलेश, प्रांत व्यवस्था प्रमुख अरुणा सिंह तथा पूर्व क्षेत्र उत्तर प्रदेश की क्षेत्र प्रचारिका माननीया शशी भी मंचासीन रहीं।
इस अवसर पर लखनऊ नगर निगम की महापौर सुषमा खर्कवाल जी ने भी उपस्थित होकर सेविकाओं का उत्साहवर्धन किया और महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों की सराहना की।
एक समान गणवेश में सुसज्जित सेविकाओं ने शहर के प्रमुख मार्गों पर अनुशासित कदमताल करते हुए राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। पथ संचलन के दौरान देशभक्ति के उद्घोषों से वातावरण ओजपूर्ण हो उठा। मार्गों पर उपस्थित नागरिकों ने पुष्पवर्षा और तालियों के साथ सेविकाओं का अभिनंदन किया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह पथ संचलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय नारी की संगठनशक्ति, संस्कार और राष्ट्रनिष्ठा का जीवंत प्रतीक है। राष्ट्र सेविका समिति समाज को जागृत करने और भारतीय महिला को राष्ट्र निर्माण की केंद्रीय शक्ति के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ निरंतर सक्रिय है।


" alt="Image" />