ऑटोमोबाइल

ADVERTISEMENT
Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

Breaking Posts

मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में उद्योग स्थायी समिति की तृतीय बैठक,87 तहसीलों में 165 शिविरों से 12,959 युवाओं को योजना से जोड़ा गया


 प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, वस्त्रोद्योग एवं हथकरघा मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में मंगलवार को विधान भवन, लखनऊ के कक्ष संख्या-80 में उद्योग स्थायी समिति की तृतीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यगण एवं विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग करते हुए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की।


बैठक में गत बैठक के कार्यवृत्त की अनुपालन आख्या की समीक्षा की गई। मंत्री सचान ने सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के क्रियान्वयन में बैंकों को  अपेक्षित सहयोग देने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा  कि पात्र लाभार्थियों को बिना अनावश्यक कारणों के योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में बताया गया कि योजना के प्रभावी अनुश्रवण हेतु जनपद स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई  की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं। साथ ही राज्य स्तर पर बैंकर्स के साथ साप्ताहिक समीक्षा के माध्यम से प्रगति की निगरानी की जा रही है। 


मंत्री सचान ने निर्देश दिए कि योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों एवं आवेदनों का तहसीलवार विवरण जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही जिला उद्योग बंधु की बैठकों में सभी जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में  अवगत कराया गया कि योजना के अंतर्गत जिला सहकारी बैंकों को भी शामिल करते हुए उन्हें लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है, जिसके सापेक्ष अधिकांश आवेदनों में वितरण की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है।


मंत्री सचान ने अधिक से अधिक युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए तहसील स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। जानकारी दी गई कि अब तक 87 तहसीलों में 165 शिविर आयोजित कर 12,959 लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जा चुका है। इसके अतिरिक्त युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने हेतु “सीएम युवा कॉनक्लेव एवं एक्सपो” का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसके माध्यम से हजारों युवाओं को इनोवेटिव व्यवसायिक अवसरों से जोड़ा गया है।


बैठक में औद्योगिक पार्कों में भूमि उपलब्धता, एमएसएमई पार्कों के विकास और औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने संबंधित प्रकरणों में जिलाधिकारियों से आख्या प्राप्त कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान “सरदार वल्लभभाई पटेल इंडस्ट्रियल एवं इम्प्लॉयमेंट जोन” योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न जनपदों में औद्योगिक पार्कों हेतु भूमि चिन्हित की जा रही है, जिससे प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।


मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और औद्योगिक विकास के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।


बैठक में सदस्य विधानसभा रानी पक्षालिका सिंह, विकास गुप्ता, श्याम सुन्दर, राम अचल राजभर, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी खादी ग्रामोद्योग शिशिर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Google AdSense Icon Advertisement

Below Post Ad

Google AdSense Icon Advertisement
Design by - Blogger Templates |