जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय, लालबाग स्थित झंडी पार्क में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा एवं महापौर सुषमा खर्कवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में जनगणना 2027 को सफल बनाने तथा नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश की निदेशक शीतल वर्मा, नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’ जी, अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविन्द कुमार राव, पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
*मंत्री एवं महापौर ने स्वयं की डिजिटल स्व-गणना कर दिया संदेश*
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ए.के. शर्मा एवं महापौर सुषमा खर्कवाल ने स्वयं अपने परिवार की डिजिटल स्व-गणना कर नागरिकों को इस प्रक्रिया में भागीदारी का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर निगम के पार्षदगणों एवं अधिकारियों द्वारा भी मौके पर ही स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से डिजिटल स्व-गणना करने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
*जनगणना देश के विकास की आधारशिला : ए.के. शर्मा*
मुख्य अतिथि ए.के. शर्मा ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं बल्कि देश के विकास की मजबूत आधारशिला है। जनगणना के माध्यम से सरकार को जनसंख्या, आवास, संसाधनों एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होती है, जिसके आधार पर विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करें तथा स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें, ताकि पारदर्शी एवं प्रभावी जनगणना सुनिश्चित हो सके।
*महापौर ने नागरिकों से सहयोग की अपील की*
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम लखनऊ जनगणना अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण करें तथा दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें, ताकि जनगणना 2027 का अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
*डिजिटल स्व-गणना को लेकर नागरिकों को दी गई जानकारी*
जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश की निदेशक शीतल वर्मा ने कहा कि नागरिक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी हिंदी सहित विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशेष आईडी प्राप्त होगी, जिसका उपयोग सत्यापन प्रक्रिया में किया जाएगा। कार्यक्रम में डिजिटल तकनीक के माध्यम से जनगणना को सरल एवं सुगम बनाने पर बल दिया गया।
" alt="Image" />
" alt="Image" />