उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे के विस्तार पर बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है। हाई स्पीड कनेक्टिविटी की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश के सबसे लंबे प्रयागराज-मेरठ गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद चार नए एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण की गति तेज होगी। इस संबंध में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं। इन चार एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को तेज गति से पूरा कराने की योजना है। सीएम योगी ने फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ते हुए जेवर लिंक एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे और झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण का काम इसी महीने पूरा कर लेने के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने दिया निर्देश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को स्टेट ट्रांसफार्मेशन कमीशन की बैठक में एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को लेकर निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने करीब 50 हजार करोड़ लागत की एक्सप्रेसवे, औद्योगिक पार्क, लाजिस्टिक हब और शहरी परियोजनाओं को मिशन मोड में आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। इनमें से एक्सप्रेसवे परियोजनाओं की लागत ही 50 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर है। चार लिंक एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण में तेजी का निर्देश दिया गया। वहीं, विंध्य एक्सप्रेसवे, मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे और नोएडा-जेवर एक्सप्रेसवे के लिए भी जमीन अधिग्रहण की तैयारी तेज करने के निर्देश दिए हैं।
रेट रिवीजन प्रस्ताव भेजने को कहा
सीएम योगी ने कहा कि एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में देरी नहीं हो। अगर रेट रिवीजन आवश्यक हो तो इस संबंध में प्रस्ताव तत्काल सरकार को भेजे जाएं। सीएम ने स्पष्ट तौर पर संबंधित जिलाधिकारियों को कहा कि किसानों-जमीन मालिकों से सीधा संवाद करें। उन्हें उचित मुआवजा मिले और रजिस्ट्री के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती कर प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जाए। सीएम ने कहा कि जहां भी प्रक्रियात्मक बाधाएं हैं, उन्हें दूर करते हुए परियोजनाओं का काम समय से पूरा कराएं।
सीएम योगी ने विंध्य एक्सप्रेसवे, मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल को जोड़ते हुए वाराणसी तक एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के लिए भी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को कहा है। सीएम ने कहा कि जल्द ही डिफेंस कॉरिडोर के चित्रकूट नोड में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की इकाई का शिलान्यास होगा।
योजनाओं में तेजी पर जोर
सीएम योगी ने योजनाओं की गति में तेजी का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे की फाइनांशियल बिड का काम पूरा करिए। साथ ही, ग्रेटर नोएडा में विकसित किए जा रहे मल्टी मॉडल लाजिस्टिक हब और मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं प्रदेश को राष्ट्रीय और वैश्विक सप्लाई चेन से जोड़ेंगी। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मॉडल बिल्डिंग बायलाज को निवेश अनुकूल बनाते हुए शीघ्र लागू करने पर जोर दिया।

" alt="Image" />
" alt="Image" />