ऑटोमोबाइल

ADVERTISEMENT
Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

Breaking Posts

योगी सरकार उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को दे रही नई मजबूती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को लगातार सशक्त किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को आशियाना, लखनऊ स्थित निर्माणाधीन उत्तर प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद भवन का निरीक्षण प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एम. पी. अग्रवाल के साथ किया। इसके साथ ही उन्होंने उच्च शिक्षा निदेशालय के नवनिर्मित कैंप कार्यालय का  लोकार्पण कर उसे विभागीय कार्यों के लिए समर्पित किया।

निरीक्षण के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न भागों का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं विभागीय अधिकारियों को  निर्देश दिए कि भवन निर्माण में  गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक प्रशासनिक परिसर नहीं, बल्कि प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आधारशिला सिद्ध होगा।

मंत्री उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधारों को लागू कर रही है। नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। राज्य उच्च शिक्षा परिषद भवन के पूर्ण होने से नीति निर्माण, शैक्षणिक योजना, अनुसंधान प्रोत्साहन तथा संस्थागत समन्वय की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

निरीक्षण के उपरांत उच्च शिक्षा मंत्री ने उच्च शिक्षा निदेशालय के नवनिर्मित कैंप कार्यालय का फीता काटकर एवं अनावरण पट्टिका का अनावरण कर लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि नए कैंप कार्यालय के प्रारंभ होने से विभागीय कार्यों के संचालन में सुगमता आएगी तथा शासन, निदेशालय, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा, अनुश्रवण और क्रियान्वयन की प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनेगी।

मंत्री उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा संस्थानों को केवल शिक्षण केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के केंद्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से आधुनिक अवसंरचना, डिजिटल प्रशासन तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण पर विशेष बल दिया जा रहा है।

लोकार्पण के पश्चात अधिकारियों ने मंत्री को कैंप कार्यालय की व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों द्वारा मंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया तथा उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अमृत त्रिपाठी,  उच्च शिक्षा बी. एल. शर्मा सहित उच्च शिक्षा विभाग, राज्य उच्च शिक्षा परिषद एवं निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को भवन निर्माण की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्ययोजना तथा विभागीय गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी भी दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Google AdSense Icon Advertisement

Below Post Ad

Google AdSense Icon Advertisement
Design by - Blogger Templates |