उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के सफलतापूर्वक 6 वर्ष पूर्ण होने पर सभी लाभार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में वर्ष 2020 में प्रारंभ की गई पीएम स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी एवं छोटे व्यवसाय से जुड़े लाखों परिवारों के लिए आत्मनिर्भरता, सम्मानजनक आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। इस योजना के माध्यम से बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराए जाने, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने तथा बैंकिंग सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित किए जाने से छोटे उद्यमियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिला है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक सुरक्षा, वित्तीय समावेशन और स्वरोजगार को भी नई मजबूती प्रदान कर रही है। योजना ने लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर उन्हें आत्मनिर्भर भारत अभियान से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि 75 लाख से अधिक लाभार्थियों तथा 17,800 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरण के साथ पीएम स्वनिधि योजना देश के रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं एवं छोटे कारोबारियों के सशक्तिकरण की एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी मिसाल बन चुकी है। यह योजना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को धरातल पर साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी यह योजना छोटे उद्यमियों, स्ट्रीट वेंडर्स तथा स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए देश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करती रहेगी।
" alt="Image" />
" alt="Image" />