यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सर्द हवाओं से पहाड़ी इलाकों जैसी ठिठुरन होने लगी है। CM योगी ने 5 जनवरी तक स्कूल-कॉलेज बंद करने आदेश दिए हैं। इस बीच शनिवार सुबह आगरा समेत 35 जिले कोहरे की चपेट में हैं। विजिबिलिटी 10 मीटर तक सिमट गई है।
कोहरे के चलते वाराणसी समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 70 से ज्यादा ट्रेनें 2 से 14 घंटे की देरी से चल रही हैं। खराब मौसम से हवाई सफर भी प्रभावित हुआ है। गोरखपुर समेत कई एयरपोर्ट्स पर 10 से ज्यादा उड़ानें कैंसिल हैं, जबकि कई फ्लाइट्स देरी से उड़ीं।लखनऊ में घने कोहरे से हवाई संचालन प्रभावित रहा,खराब मौसम के चलते शुक्रवार को कई उड़ानें लेट व रद्द हो गईं। दिल्ली लखनऊ एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-2171 लैंड नहीं कर सकी,विमान ने आसमान में 17 चक्कर लगाए, लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। दृश्यता मात्र 10 मीटर रहने से फ्लाइट को वापस दिल्ली भेजा गया। लखनऊ से रियाद जाने वाली फ्लाइट आईएक्स-189 रद्द, मुंबई से आने वाली इंडिगो फ्लाइट 6ई-5264, 45 मिनट देरी से पहुंची। रियाद से आने वाली फ्लाइनेस की फ्लाइट एक्सवाई-333 भी लेट। हैदराबाद, किशनगढ़ व झारसुगुड़ा से आने वाली उड़ानें 2 से 3 घंटे लेट रही।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश बाराबंकी और हरदोई में सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 6°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद गोरखपुर में पारा 6.4°C, आजमगढ़ में 6.9°C और कानपुर में 7.2°C रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 3 दिन भीषण कोल्ड-वेव की चेतावनी जारी की है। घने कोहरे के बीच सुबह और रात के समय विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है। लोगों को सतर्क रहने और जरूरी न होने पर यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।



