गरीब को आधार, किसान को संबल, महिला को अवसर और युवा को भविष्य देने वाला है, केन्द्रीय बजट
February 05, 2026
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरूवार को होटल रामाडियन, फतेहपुर में प्रेस
प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए केन्द्रीय बजट 2026-27 पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय बजट 2026-27 ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु एक स्पष्ट और सशक्त रोडमैप प्रस्तुत करता है। इसके लिए उन्होंने मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मा0वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री जी की गारंटी को धरातल पर उतारने वाला बजट है, जिसमें गरीब, गांव, किसान और महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखा गया है। यह बजट सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी एवं आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखने वाला है। इसमें युवा सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन तथा कौशल विकास पर विशेष फोकस किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य ढांचे के सुदृढ़ीकरण हेतु ठोस प्रावधान किए गए हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर एवं मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा देकर आर्थिक विकास को गति मिलेगी। पर्यटन, धार्मिक स्थलों एवं टूरिज्म सेक्टर के विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
महिला सशक्तिकरण के लिए विशेष योजनाएं इस बजट की प्रमुख विशेषता हैं, जो नारी शक्ति के सशक्त प्रतिबिंब के रूप में सामने आती हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि विकास तथा किसानों की आय में वृद्धि पर भी विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 36 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क में छूट दी गई है, जिससे कैंसर एवं अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार में प्रयुक्त दवाएं सस्ती होंगी और उत्तर प्रदेश के लाखों परिवारों को राहत मिलेगी।
इसके अतिरिक्त बालिकाओं की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल की घोषणा की गई है, जिससे प्रदेश की बेटियों को सुरक्षित आवास एवं बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध होंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जहां पूर्ववर्ती सरकारें पर्यावरणीय विषयों पर केवल औपचारिक वक्तव्यों तक सीमित रहीं, वहीं मोदी सरकार ने जलवायु अनुकूलता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ठोस एवं निर्णायक कार्यवाही कर देश को नई दिशा प्रदान की है।
कहा कि यह बजट विकसित भारत के सपनों को सच करेगा। यह सपना देशवासियों का भी है। जब वैश्विक अर्थव्यवस्था अनिश्चितता से गुजर रही है, भारत की आर्थिक स्थिति स्थिर बनी है। सही नीयत से रास्ता बनता है। बजट में सुखद भविष्य की आहट है। आज देश ऐसे दौर में है, जहां सपनों के साथ सामर्थ्य भी है। हम आकांक्षी और आत्मविश्वासी हैं।यह गरीब को आधार, किसान को संबल, महिला को अवसर और युवा को भविष्य देने वाला है। यह युवाओं को संदेश देता है कि सरकार उन्हें विकसित भारत के निर्माण का मजबूत भागीदार मानती है। उनके हुनर, नवाचार और साहस की त्रिवेणी देश को आगे ले जाएगी। इसमें महिला सशक्तीकरण का भी खास ध्यान है। उनके सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर जोर है। तकनीक को किसान का साथी बनाया गया है। भारत-विस्तार एआई आधारित कृषि मंच किसानों को उनकी ही भाषा में सलाह देगा। फसल चुनने से लेकर बाजार तक पहुंचने में मदद करेगा। भारत की आत्मा गांवों में बसती है। बजट स्वदेशी के आंदोलन को भी बढ़ावा देगा।इलाज सस्ता होगा तो वह कर्ज के जाल अपने देश में दवाएं बनेंगी तो दाम भी काबू में रहेंगे। सोलर पैनल से बिजली का बिल कम होगा और पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा। यह भविष्य की जरूरत है। कार्बन कैप्चर तकनीक में निवेश दिखाता है कि भारत ग्लोबल वॉर्मिंग से लड़ने में सबसे आगे है। रक्षा मंत्रालय को साढ़े सात लाख करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन बताता है कि मजबूत सीमाएं ही विकास की नींव होती हैं।
उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार श्री केशव प्रसाद मौर्य जी का जनपद फतेहपुर आगमन पर होटल रामाडियन में गार्ड ऑफ ऑनर देकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विधायक खागा श्रीमती कृष्णा पासवान, विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल, विधायक बिंदकी जय कुमार सिंह ‘जैकी’, विधायक अयाह शाह विकास कुमार गुप्ता, अन्नू श्रीवास्तव, जिलाधिकारी रविंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह सहित अन्य मा0 जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।

" alt="Image" />